इंदौर में रातभर पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, 1218 से अधिक संदिग्धों की जांच; 524 पर कार्रवाई, शराबी वाहन चालकों पर भी शिकंजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चारों जोन में चला विशेष नाइट डोमिनेशन अभियान

इंदौर शहर में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने शनिवार रात से रविवार तड़के तक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। ऑपरेशन नाइट डोमिनेशन के तहत शहर के चारों जोन में पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय रहीं। हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में विशेष निगरानी रखी गई, जबकि कुछ संवेदनशील इलाकों पर ड्रोन के माध्यम से भी नजर रखी गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ रात के समय शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना था।

1218 से ज्यादा बदमाशों की हुई जांच

अभियान के दौरान पुलिस ने 1218 से अधिक बदमाशों और संदिग्ध लोगों की जांच की। इनमें गुंडे-बदमाश, चाकूबाजी से जुड़े आरोपी, नकबजनी और लूट के मामलों में आरोपी तथा निगरानी सूची में शामिल लोग भी शामिल रहे। जांच के बाद 524 लोगों के खिलाफ अलग-अलग मामलों में वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने फरार आरोपितों की तलाश के साथ पुराने मामलों से जुड़े लोगों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई।

अभियान के दौरान 275 से अधिक वारंटों की तामील कराई गई। इनमें स्थायी वारंट, गिरफ्तारी वारंट और जमानती वारंट शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान कुछ ऐसे आरोपी भी पुलिस के हाथ लगे, जो लंबे समय से फरार बताए जा रहे थे। संबंधित मामलों में उनके खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती

रात की चेकिंग के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने कार्रवाई की। शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 147 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण बनाए गए। इसके साथ ही वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म, हूटर और नियमों के विपरीत लगाए गए मॉडिफाइड साइलेंसर की भी जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

होटल, लॉज और रैन बसेरों में भी जांच

पुलिस की टीमें रात के दौरान होटल, लॉज, रैन बसेरों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर पहुंचीं। यहां ठहरे लोगों की जानकारी और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई। सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने ऐसे मामलों में 24 प्रकरण दर्ज किए, जबकि अवैध मादक पदार्थ के सेवन से जुड़े तीन मामलों में भी कार्रवाई की गई।

आदतन अपराधियों को दी सख्त चेतावनी

पुलिस ने अभियान के दौरान अलग-अलग श्रेणियों में शामिल 565 से अधिक अपराधियों की भी जांच की। इनमें गुंडे-बदमाश, चाकूबाज, नकबजन, लूट के आरोपी, निगरानी बदमाश और जिलाबदर किए गए अपराधी शामिल थे। पुलिस ने ऐसे लोगों को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की चेतावनी दी। आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई और कई मामलों में समंस की तामील कराई गई।

अभियान के दौरान सक्रिय और आदतन अपराधियों को थानों पर बुलाकर उनके डोजियर भी तैयार किए गए। पुलिस ने उन्हें नोटिस जारी कर दोबारा अपराध में शामिल होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। कुछ बदमाशों को अपराध से दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस तरह के अभियान का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत करना और रात के समय संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।

Leave a Comment

और पढ़ें