इंदौर में युवाओं के बीच पहुंचेगी राहुल गांधी की आवाज, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में 12 सितंबर को करेंगे सीधा संवाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

युवाओं और Gen-Z के मुद्दों पर होगी चर्चा

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर दौरे पर आ सकते हैं। यहां प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से वे छात्रों और युवाओं के साथ सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं से जुड़े मुद्दों को सामने लाना और उनके सवालों पर चर्चा करना बताया जा रहा है।

आयोजन का स्वरूप पहले देश के अन्य शहरों में आयोजित छात्र संवाद कार्यक्रमों जैसा हो सकता है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर रहेगा। राहुल गांधी मध्य प्रदेश सहित देशभर के युवाओं से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखेंगे और इसके बाद सवाल-जवाब का सत्र आयोजित किया जा सकता है।

भंवरकुआं क्षेत्र के आसपास हो सकता है आयोजन

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर इंदौर में कांग्रेस नेताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, युवाओं की भागीदारी और संभावित स्थल को लेकर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के लिए भंवरकुआं क्षेत्र के आसपास स्थान चुना जा सकता है, जिससे बड़ी संख्या में छात्र आसानी से पहुंच सकें।

आयोजन को आकर्षक बनाने के लिए संगीत कार्यक्रम या किसी चर्चित कलाकार अथवा म्यूजिकल ग्रुप की प्रस्तुति भी शामिल की जा सकती है। कार्यक्रम स्थल और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है। कांग्रेस नेताओं का प्रयास है कि यह आयोजन विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी वाला बड़ा कार्यक्रम बने।

तैयारियों में जुटी कांग्रेस

राहुल गांधी के संभावित इंदौर दौरे को लेकर प्रदेश और शहर स्तर के कांग्रेस नेताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कार्यक्रम की सफलता के लिए संगठन के वरिष्ठ नेताओं से सुझाव लिए जा रहे हैं। आयोजन स्थल की उपलब्धता और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर भी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

‘छात्रों की गूंज’ के जरिए कांग्रेस युवाओं और Gen-Z से सीधे जुड़ने की रणनीति पर काम कर रही है। अब सभी की नजरें 12 सितंबर के प्रस्तावित कार्यक्रम और राहुल गांधी के इंदौर दौरे की अंतिम रूपरेखा पर टिकी हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें