इंदौर में दूध के दाम बढ़ाने की मांग तेज, देपालपुर में हजारों किसानों ने भरी हुंकार; 12 रुपए प्रति फैट की दर नहीं मिली तो हड़ताल की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देपालपुर। इंदौर जिले में दूध के खरीदी मूल्य को लेकर किसानों की नाराजगी अब बढ़ती जा रही है। सांवेर के बाद देपालपुर क्षेत्र में भी दुग्ध उत्पादक किसानों ने बैठक कर दूध के दाम बढ़ाने की मांग उठाई है। ग्राम करजोदा में हुई बैठक में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए और उन्होंने कहा कि बढ़ती लागत के बीच मौजूदा दर पर दूध बेचने से उन्हें उचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। किसानों ने मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में आंदोलन और हड़ताल की चेतावनी दी है।

करजोदा में जुटे दुग्ध उत्पादक किसान

जिला ग्रामीण दूध उत्पादक किसान संगठन के नेतृत्व में देपालपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करजोदा में किसानों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के कई गांवों से दुग्ध उत्पादक किसान पहुंचे। किसानों ने दूध की खरीद दर में बढ़ोतरी को लेकर अपनी समस्याएं साझा कीं और संगठन के पदाधिकारियों के साथ आगे की रणनीति पर चर्चा की।

12 रुपए प्रति फैट की मांग

बैठक में किसानों ने दूध की खरीदी दर को बढ़ाकर 12 रुपए प्रति फैट किए जाने की मांग रखी। किसान नेताओं का कहना है कि पशु आहार, खली और अन्य जरूरी खर्चों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में दूध उत्पादन की लागत भी बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि जब दूसरी वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है तो दूध की खरीदी दर बढ़ाने में देरी नहीं होनी चाहिए।

मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन

किसानों ने बैठक में स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। किसानों ने दूध की खरीदी दर बढ़ाने के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ने की बात कही है। इससे पहले किसान प्रतिनिधि संभागायुक्त और कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंप चुके हैं। अब अलग-अलग क्षेत्रों में बैठकें कर किसानों को एकजुट किया जा रहा है।

सांवेर के बाद देपालपुर में भी बढ़ी सक्रियता

दूध के दाम को लेकर किसानों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। शनिवार को सांवेर क्षेत्र में किसानों की बैठक हुई थी, जिसके बाद रविवार को देपालपुर में बैठक आयोजित की गई। किसान संगठन का कहना है कि मांग पर सकारात्मक फैसला नहीं होने तक क्षेत्र के अन्य दुग्ध उत्पादक किसानों से भी संपर्क कर उन्हें आंदोलन से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।

बैठक में किसान नेता दिलीप सिंह पंवार और हंसराज मंडलोई सहित संगठन से जुड़े कई पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे। किसानों ने एकजुट होकर दूध की खरीदी दर बढ़ाने की मांग को आगे ले जाने का फैसला किया।

Leave a Comment

और पढ़ें