जबलपुर रादुवि में छात्रों का जोरदार प्रदर्शन: बैरिकेडिंग पार कर प्रशासनिक भवन की ओर बढ़े प्रदर्शनकारी, पुलिस से धक्का-मुक्की के बाद चला वाटर कैनन; कई छात्र हिरासत में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जबलपुर की रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में सोमवार को छात्रों के प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। एनएसयूआई से जुड़े छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय की प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कुलगुरु के खिलाफ कार्रवाई और विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। छात्रों को प्रशासनिक भवन तक पहुंचने से रोकने के लिए पुलिस ने मुख्य प्रवेश द्वार पर बैरिकेडिंग की थी।

मांगों को लेकर प्रदर्शन पर बैठे छात्र

प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना था कि विश्वविद्यालय में लंबे समय से कई व्यवस्थाएं प्रभावित हैं। उनका आरोप है कि परीक्षाएं निर्धारित समय पर नहीं हो पा रही हैं और शिक्षकों की कमी के कारण नियमित कक्षाओं पर भी असर पड़ रहा है। छात्रों ने कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों, पदोन्नति, अनशन और अन्य लंबित समस्याओं को लेकर पहले भी विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन दिए जाने की बात कही। इसके बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर छात्र संगठनों ने प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।

बैरिकेडिंग के पास बढ़ा विवाद

शुरुआत में छात्र शांतिपूर्वक प्रदर्शन करते हुए कुलगुरु को ज्ञापन सौंपना चाहते थे। हालांकि, जब पुलिस ने प्रशासनिक भवन के मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें आगे जाने से रोका तो माहौल बदल गया। कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की। इसी दौरान पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़कर आगे बढ़ने का प्रयास करने लगे।

स्थिति संभालने पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल

प्रदर्शनकारियों के आगे बढ़ने की कोशिश और पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की बौछार से छात्रों को पीछे हटाने का प्रयास किया गया। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद हिरासत में लिए गए छात्रों को छोड़ दिए जाने की जानकारी सामने आई है। प्रदर्शनकारी पक्ष ने कुछ छात्रों को मामूली चोट लगने का भी दावा किया।

छात्रावास और छात्रसंघ चुनाव का मुद्दा भी उठा

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय के छात्रावासों की खराब स्थिति और पीएचडी कोर्स वर्क से संबंधित समस्याओं को भी उठाया। छात्र नेताओं ने छात्रसंघ चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उनका सवाल था कि आगामी चुनाव प्रत्यक्ष मतदान के जरिए होंगे या फिर मेरिट के आधार पर प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

समस्याएं दूर नहीं हुईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी

एनएसयूआई नेताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा। छात्र संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से शैक्षणिक व्यवस्था सुधारने, लंबित समस्याओं का निराकरण करने और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट निर्णय लेने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें