गांव की सेवा को बताया सबसे बड़ा लक्ष्य
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने साफ किया है कि उनका उद्देश्य पारंपरिक राजनीति में बड़े पद हासिल करना नहीं है। उन्होंने कहा कि न तो उनकी विधायक बनने की इच्छा है और न ही सांसद बनने की। उनका सपना अपने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले स्थित पैतृक गांव सांतुक पिंपरी का सरपंच बनने का है, ताकि वे सीधे गांव के विकास से जुड़े फैसले ले सकें। उनके अनुसार, अगर राजनीति में करियर बनाना ही मकसद होता तो वे विदेश में अपना भविष्य बनाने की कोशिश नहीं करते। उनका मानना है कि स्थानीय स्तर पर काम करके लोगों के जीवन में ज्यादा बदलाव लाया जा सकता है।
स्कूल, सड़क और अस्पताल जैसी मूलभूत सुविधाओं पर रहेगा फोकस
अभिजीत दीपके ने बताया कि वे लंबे समय से अपने गांव की समस्याओं को करीब से देखते आ रहे हैं। उनका कहना है कि गांव के कई स्कूलों की इमारतें जर्जर हैं, बच्चों को बेहतर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं और बारिश के समय पढ़ाई भी प्रभावित होती है। इसके अलावा सड़क, नाली और स्वास्थ्य सेवाओं की कमी ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें मौका मिलता है तो सबसे पहले शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर काम करेंगे। गांव में अस्पताल खोलने और लोगों को इलाज के लिए शहरों पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी प्रयास करने की उनकी योजना है।
संगठन को मजबूत करने की तैयारी, जल्द बनेगी नई रणनीति
छात्र आंदोलन और धरना समाप्त होने के बाद अब अभिजीत दीपके संगठन के अगले चरण की तैयारी में जुट गए हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में स्वयंसेवकों की मजबूत टीम तैयार की जाएगी, जो अलग-अलग क्षेत्रों में जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाएगी। उनका कहना है कि संगठन एक प्रेशर ग्रुप की तरह काम करेगा, ताकि विभिन्न सामाजिक और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। इसके लिए जल्द ही पार्टी के कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों और छात्रों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें संगठन की आगे की कार्ययोजना, विस्तार और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी। अभिजीत ने कहा कि लोगों के सुझावों के आधार पर संगठन की दिशा तय की जाएगी और भविष्य में नए सामाजिक अभियानों पर भी काम किया जाएगा।










