भोपाल। बिलखिरिया थाना क्षेत्र में खेत पर काम करने गए पिता-पुत्र के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में खुले पड़े बिजली के तार की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रात के समय खेत में दवा का छिड़काव करते दौरान पहले बेटे का संपर्क बिजली के तार से हुआ। उसे बचाने के लिए पिता आगे बढ़े, लेकिन वे भी करंट की चपेट में आ गए। घटना की जानकारी अगले दिन सुबह स्वजन के खेत पहुंचने पर हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
रात में खेत पर गए थे पिता-पुत्र
पुलिस के मुताबिक, बिलखिरिया क्षेत्र में रहने वाले ब्रजमोहन राजपूत अपने बड़े बेटे आशीष के साथ गुरुवार रात खेत पर गए थे। दोनों खेत में फसल पर दवा का छिड़काव कर रहे थे। इसी दौरान खेत में पड़ा बिजली का तार आशीष के संपर्क में आ गया। बेटे को परेशानी में देखकर ब्रजमोहन उसकी मदद के लिए पहुंचे, लेकिन इसी दौरान वे भी बिजली के संपर्क में आ गए। हादसे के बाद दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सुबह स्वजन को मिली घटना की जानकारी
घटना रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। रात में हादसे की जानकारी आसपास के लोगों और परिवार को नहीं हो सकी। शुक्रवार सुबह जब स्वजन खेत पहुंचे तो दोनों को वहां देखकर घटना का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
खुले तार को लेकर पुलिस कर रही जांच
पुलिस को घटनास्थल से बिजली का तार मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह तार खेत के पास बने मकान में बिजली पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बिजली का तार खेत में खुले में किस स्थिति में पड़ा था और हादसे की वजह क्या रही। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
करीब दस साल से खेती कर रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय ब्रजमोहन राजपूत मूल रूप से रायसेन जिले के रहने वाले थे। वह करीब एक दशक से बिलखिरिया क्षेत्र में जमीन लीज पर लेकर खेती कर रहे थे। खेत के पास ही उन्होंने परिवार के रहने के लिए छोटा मकान बनाया था, जहां वह पत्नी और दो बेटों के साथ रहते थे। अचानक हुए इस हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
बिजली व्यवस्था की सुरक्षा पर भी उठे सवाल
इस घटना के बाद खेतों और ग्रामीण इलाकों में बिजली के तारों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं। खेतों के आसपास बिजली के तार खुले में न रहें और उनकी नियमित जांच हो, इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देना जरूरी है। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।










