भोपाल में गणेशोत्सव से पहले सख्त सुरक्षा व्यवस्था: हर प्रतिमा पंडाल में CCTV जरूरी, AI से बनी मूर्तियों पर कार्रवाई की उठी मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

त्योहारों को लेकर पुलिस और प्रशासन ने शुरू की तैयारियां

भोपाल में आगामी जन्माष्टमी, गणेशोत्सव, डोल ग्यारस और अनंत चतुर्दशी के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पुलिस प्रशासन ने धार्मिक आयोजनों, जुलूसों और विसर्जन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रतिमा स्थापना स्थलों और गणेश पंडालों में सुरक्षा निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य करने पर जोर दिया गया है।

पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित शांति समिति और विभिन्न धर्मगुरुओं की बैठक में त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई। आयोजकों से कहा गया कि वे जुलूस और विसर्जन के दौरान पुलिस व प्रशासन के साथ समन्वय रखें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।

AI आधारित प्रतिमाओं और अश्लील गीतों पर कार्रवाई की मांग

बैठक में धार्मिक प्रतिमाओं के स्वरूप को लेकर भी चर्चा हुई। हिंदू उत्सव समिति की ओर से सुझाव दिया गया कि यदि विसर्जन कुंडों या अन्य स्थानों पर पारंपरिक स्वरूप से अलग अथवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार की गई आपत्तिजनक प्रतिमाएं मिलती हैं तो संबंधित मूर्तिकार और आयोजन समिति के खिलाफ कार्रवाई की जाए। प्रतिमाओं के निर्माण में पौराणिक और पारंपरिक मान्यताओं का पालन सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई।

इसके साथ ही धार्मिक आयोजनों और जुलूसों में अश्लील या आपत्तिजनक गाने बजाने वाले डीजे संचालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाने तथा नियमों का उल्लंघन होने पर डीजे उपकरण जब्त करने का मुद्दा भी उठाया गया।

प्रशासन ने नगर निगम और पीडब्ल्यूडी सहित संबंधित विभागों को प्रतिमा पंडालों तक पहुंचने वाली सड़कों और जुलूस मार्गों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। बैठक में विसर्जन के दिन मांस-मटन की दुकानों को बंद रखने का सुझाव भी सामने आया। पुलिस अधिकारियों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा, यातायात और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय से काम करने की बात कही।

Leave a Comment

और पढ़ें