जबलपुर। धनवंतरी नगर इलाके में मेडिकल कॉलेज अस्पताल की एक नर्सिंग ऑफिसर के घर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। परिवार के मुताबिक घर से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब मिली है। चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत परिवार ने करीब 59 लाख रुपये बताई है, जबकि पुलिस ने दर्ज एफआईआर में फिलहाल चोरी गए जेवरात की कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
परिवार के बाहर जाने के दौरान हुई वारदात
जानकारी के अनुसार धनवंतरी नगर के एमआईजी क्षेत्र में रहने वाली सपना तिवारी नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर हैं। वह अपनी मां के साथ कुछ दिन पहले मैहर गई थीं। घर पर उनका भांजा मौजूद था। बताया गया कि मंगलवार देर रात भांजा घर में ताला लगाकर दवा लेने के लिए मेडिकल गया था। इसी दौरान चोरों ने मकान को निशाना बनाया।
लौटने पर टूटे मिले ताले और खुली अलमारियां
देर रात करीब चार बजे जब भांजा वापस घर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाने पर कमरे और अलमारियां अस्त-व्यस्त थीं। घटना की जानकारी परिवार को दी गई, जिसके बाद सपना तिवारी और उनकी मां जबलपुर वापस पहुंचीं। घर की जांच करने पर कई सोने और चांदी के आभूषणों के साथ नकदी भी गायब मिली।
सोने-चांदी के कई आभूषण चोरी
परिवार के मुताबिक चोर सोने के हार, मंगलसूत्र, चेन-लॉकेट, कंगन, अंगूठियां, ब्रेसलेट, नथ, माथे की बेंदी और झुमकियों समेत कई आभूषण ले गए। इसके अलावा चांदी की पायल, कमरबंद, बिछिया और चांदी के बर्तन भी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। परिवार ने सोने के सामान की कीमत करीब 55.50 लाख रुपये और चांदी के जेवर व बर्तनों की कीमत करीब 4 से 5 लाख रुपये बताई है। घर से लगभग 20 से 25 हजार रुपये नकद गायब होने की बात भी कही गई है।
CCTV फुटेज से चोरों तक पहुंचने की कोशिश
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस टीम घटनास्थल से मिले अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है।










