पीपलखेड़ा के पास हुआ हादसा, टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी; घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
धार। इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में स्कूल बस और निजी बस की टक्कर हो गई। घटना ग्राम पीपलखेड़ा के पास करीब सुबह 9 बजे हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार निजी बस चालक आगे चल रही स्कूल बस को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई। हादसे में स्कूल बस में सवार बच्चों सहित दोनों वाहनों के कई लोग घायल हुए हैं।
ओवरटेक के दौरान बिगड़ा संतुलन, पीछे से स्कूल बस से टकराई निजी बस
बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के इंदौर की ओर जाने वाले हिस्से में स्कूल बस आगे चल रही थी। उसके आगे एक ट्रक भी मौजूद था। इसी बीच पीछे से आ रही निजी बस ने स्कूल बस को आगे निकलने की कोशिश की। सड़क पर पर्याप्त जगह नहीं मिलने के कारण निजी बस स्कूल बस से टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों बसों में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कुछ स्कूली बच्चों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा, अस्पताल पहुंचे कलेक्टर-एसपी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को डायल-112, पुलिस वाहनों और अन्य साधनों की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर राजीव मीणा और पुलिस अधीक्षक भी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने हादसे के कारणों को लेकर संबंधित लोगों से जानकारी जुटाई है।
प्रशासन के अनुसार दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। ओवरटेक के दौरान हुई टक्कर के कारणों और जिम्मेदारी तय करने के लिए पुलिस स्तर पर भी जांच जारी है। हादसे में घायल लोगों की स्थिति को लेकर चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।










