इंदौर। जिंसी क्षेत्र में लंबे समय से निर्माणाधीन सड़क का काम तय समय सीमा के बावजूद पूरा नहीं हो पाया है। नगर निगम की ओर से 15 अगस्त से पहले सड़क पर यातायात शुरू कराने की बात कही गई थी, लेकिन समय बीतने के बाद भी सड़क अधूरी पड़ी है। इसका सीधा असर आसपास रहने वाले लोगों पर पड़ रहा है। मुख्य मार्ग बंद होने के कारण वाहनों का दबाव आसपास की छोटी गलियों में बढ़ गया है, जिससे दिनभर आवाजाही प्रभावित हो रही है।
15 अगस्त तक काम पूरा करने के दिए गए थे निर्देश
जिंसी चौराहे से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक बनाई जा रही सड़क को लेकर पिछले कई वर्षों से चौड़ाई और निर्माण से जुड़े मुद्दे सामने आते रहे हैं। मास्टर प्लान में सड़क की चौड़ाई 80 फीट निर्धारित थी, लेकिन स्थानीय रहवासियों की आपत्तियों के बाद नगर निगम ने इसे 60 फीट चौड़ा बनाने का निर्णय लिया। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ। शुरुआती दिनों में काम की रफ्तार ठीक रही, लेकिन बाद में निर्माण की गति धीमी पड़ गई। 27 जुलाई को महापौर और निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया था और संबंधित एजेंसी को काम तेज करने के साथ 15 अगस्त तक सड़क पर आवागमन शुरू कराने के निर्देश दिए थे। हालांकि, तय समय तक यह लक्ष्य पूरा नहीं हो सका।
मुख्य सड़क बंद होने से गलियों में बढ़ी परेशानी
निर्माणाधीन मार्ग पर यातायात शुरू नहीं होने के कारण आसपास की गलियों का इस्तेमाल ज्यादा होने लगा है। दिनभर बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन इन संकरी गलियों से गुजरते हैं, जिसके कारण कई बार वाहनों की आवाजाही एक-दूसरे के सामने रुक जाती है। स्थानीय लोगों के लिए यह स्थिति रोजमर्रा की परेशानी बन गई है। क्षेत्र में मास्टर प्लान के तहत दो अन्य सड़कों का निर्माण भी चल रहा है और उनके अधूरे होने से समस्या और बढ़ रही है।
रहवासियों को अब सड़क पूरी होने का इंतजार
स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि स्वतंत्रता दिवस से पहले मुख्य सड़क का काम पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। अब रहवासियों की नजर निर्माण कार्य पूरा होने और सड़क पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने पर है। सड़क के काम में तेजी आने से न केवल जिंसी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था बेहतर हो सकती है, बल्कि आसपास की गलियों पर पड़ रहा अतिरिक्त दबाव भी कम होने की उम्मीद है।










